कामगारों के सम्मान के साथ रामलीला में गूंजे सौरभ मठाणी के गीत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 19 अक्टूबर। रेसकोर्स स्थित श्री गुरु नानक मैदान में चल रहे भव्य रामलीला महोत्सव के आठवें दिन रविवार को लक्ष्मण शक्ति और मेघनाद वध का प्रभावशाली मंचन किया गया। कार्यक्रम को ‘कामगार दिवस’ के रूप में आयोजित किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत मुख्य अतिथि रहे। आधुनिक लेजर और डिजिटल तकनीक से सजे मंचन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान ऑटो, विक्रम, स्कूल वैन यूनियन, नगर निगम कर्मचारी एसोसिएशन सहित विभिन्न जनसेवी संस्थाओं से जुड़े कर्मयोगियों को सम्मानित किया गया। प्रसिद्ध गढ़वाली लोकगायक सौरभ मठाणी की सांस्कृतिक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया। उनके गीतों पर दर्शक जमकर झूमे।

इस अवसर पर त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि रामलीला जैसे आयोजन धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समिति अध्यक्ष अभिनव थापर ने बताया कि वर्ष 1952 में पुरानी टिहरी से शुरू हुई रामलीला की परंपरा को देहरादून में आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में डिजिटल माध्यमों से रामलीला को 82 लाख से अधिक लोगों ने देखा था। इस वर्ष एक करोड़ दर्शकों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम में महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य लोग मौजूद रहे। समिति के अनुसार 20 अक्टूबर को रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा, जबकि 21 अक्टूबर को श्रीराम का राजतिलक होगा। रामलीला मैदान में 25 अक्टूबर तक मेले का आयोजन भी किया जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें