देहरादून 19 अक्टूबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को विजयदशमी और दशहरा पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। विजयदशमी की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह पर्व हमें अपने भीतर की बुराइयों को त्यागकर सदाचार और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम अहंकार से मुक्त होकर सच्चाई के रास्ते पर चलें और प्रदेश व देश में सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए मिलजुलकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि विजयदशमी का पर्व यह संदेश देता है कि सत्य और धर्म का साथ देने वालों की हमेशा विजय होती है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भगवान श्रीराम की शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने की अपील करते हुए कहा कि धर्म और सत्य की विजय के इस पावन पर्व पर प्रभु श्रीराम से सभी के सुख, कल्याण और समृद्धि की कामना है। उन्होंने प्रार्थना की कि हर घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहे।









