
मसूरी से नैनीताल तक फिल्म निर्माताओं की पसंद बन रहा देवभूमि का प्राकृतिक परिवेश
देहरादून 17 अक्टूबर ।उत्तराखण्ड का प्राकृतिक सौंदर्य, पर्वतीय भू-दृश्य, ऐतिहासिक स्थल और अनुकूल वातावरण बड़े फिल्म निर्माताओं को लगातार आकर्षित कर रहा है। इन दिनों राज्य के विभिन्न हिस्सों में बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग चल रही है। अभिनेता अक्षय कुमार मसूरी और लैंढौर क्षेत्र में, जबकि अभिनेत्री जाह्नवी कपूर नैनीताल में शूटिंग कर रही हैं। बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से उत्तराखण्ड की फिल्म-अनुकूल पहचान मजबूत होने के साथ ही पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्राकृतिक सौंदर्य, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविध भौगोलिक परिस्थितियों के कारण उत्तराखण्ड में फिल्म निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। राज्य सरकार का लक्ष्य उत्तराखण्ड को प्रमुख फिल्म शूटिंग स्थल के रूप में स्थापित करना है। इसके लिए फिल्म निर्माताओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने, शूटिंग की अनुमति प्रक्रिया को सरल बनाने और स्थानीय कलाकारों एवं प्रतिभाओं को अधिक अवसर देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म शूटिंग से केवल पर्यटन स्थलों को व्यापक पहचान नहीं मिलती, बल्कि स्थानीय युवाओं, कलाकारों, तकनीशियनों, होटल व्यवसायियों, परिवहन संचालकों और अन्य सेवा प्रदाताओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी पैदा होते हैं। सरकार फिल्म पर्यटन को स्थानीय अर्थव्यवस्था से जोड़ते हुए इसमें स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
फिल्म नीति से आसान हुई शूटिंग की राह
राज्य सरकार उत्तराखण्ड फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म निर्माण के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रही है। एकल खिड़की अनुमति व्यवस्था के माध्यम से शूटिंग से संबंधित अनुमतियों को सरल और समयबद्ध बनाने पर जोर दिया जा रहा है। निर्धारित प्रक्रिया के तहत सात दिनों के भीतर शूटिंग की अनुमति उपलब्ध कराने की व्यवस्था से फिल्म निर्माताओं को विभिन्न विभागों से समन्वय में सुविधा मिल रही है।
फिल्म नीति के माध्यम से स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को अवसर देने के साथ ही राज्य के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिल्म इकाइयों के आने से होटल, परिवहन, खान-पान और अन्य स्थानीय सेवाओं से जुड़े कारोबार में भी आर्थिक गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।
फिल्म पर्यटन से स्थानीय कारोबार को मिलेगा लाभ
मसूरी, लैंढौर और नैनीताल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग उत्तराखण्ड की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विविधता को देशभर में प्रदर्शित करने का अवसर दे रही है। फिल्मों में इन स्थलों के दिखाई देने से भविष्य में पर्यटकों की रुचि बढ़ने और स्थानीय कारोबार को लाभ मिलने की उम्मीद है।
उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद राज्य की प्राकृतिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को फिल्मों के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए फिल्म निर्माताओं को आवश्यक सहयोग उपलब्ध करा रही है। बड़े फिल्म प्रोजेक्ट्स की शूटिंग से उत्तराखण्ड को फिल्म निर्माण और फिल्म पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में चल रहे प्रयासों को नई गति मिल रही है।







