
एक ही छत के नीचे मिलेंगे फैशन, आभूषण, सौंदर्य, हस्तशिल्प और वैवाहिक सेवाओं से जुड़े उत्पाद
देहरादून, 14 अक्टूबर। फिक्की फ्लो उत्तराखंड की ओर से वार्षिक प्रदर्शनी ‘फ्लो बाजार 2026’ का आयोजन 16 और 17 अक्टूबर को देहरादून में किया जाएगा। दो दिवसीय बाजार सुबह 11 बजे से रात तक चलेगा। इसमें फैशन, आभूषण, सौंदर्य एवं स्वास्थ्य, गृह सज्जा, हस्तशिल्प, उपहार और वैवाहिक सेवाओं से जुड़े उत्पाद एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगे। प्रदर्शनी में प्रवेश सभी के लिए निःशुल्क रहेगा।
फिक्की फ्लो उत्तराखंड की अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष ‘द वेडिंग एडिट’ विषय पर आधारित बाजार में विवाह से जुड़े विभिन्न पहलुओं को एक मंच पर लाया जा रहा है। इसका उद्देश्य महिला उद्यमियों, डिजाइनरों, शिल्पकारों और व्यवसायों को अपने उत्पाद एवं सेवाएं प्रदर्शित करने के साथ ही नए ग्राहकों और कारोबारी अवसरों से जोड़ना है।
बाजार का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। कार्यक्रम में भाजपा की प्रदेश सचिव नेहा जोशी, पर्यटन विभाग उत्तराखंड की अपर निदेशक पूनम चंद, रीवा की राजकुमारी गोहेना कुमारी सिंह, अभिनेत्री अनुकृति निशंक तथा फिक्की फ्लो की राष्ट्रीय पूर्व अध्यक्ष डॉ. कुसुम अंसल सहित कई विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे।
फिक्की फ्लो की वरिष्ठ उपाध्यक्ष मीनाक्षी सोती ने बताया कि इस वर्ष प्रदर्शनी में फैशन एवं परिधान, आभूषण, सौंदर्य एवं स्वास्थ्य, गृह सज्जा एवं जीवनशैली, उपहार एवं हस्तनिर्मित उत्पाद, भोजन तथा वैवाहिक सेवाओं और अनुभवों के साथ विवाह स्थल एवं आतिथ्य सेवाओं से जुड़े प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। इसमें स्थापित ब्रांडों के साथ उभरते डिजाइनरों और स्थानीय शिल्पकारों को भी मंच दिया जाएगा।
उपाध्यक्ष स्मृति बत्ता ने बताया कि बाजार के पहले दिन ‘नवरंग’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जो मां दुर्गा के नौ रूपों और नारी शक्ति को समर्पित होगा। वहीं दूसरे दिन शाम को ‘जाइड्स ऑफ इंडिया’ वैवाहिक फैशन वॉक आकर्षण का केंद्र रहेगा। इसमें देश की विभिन्न वैवाहिक परंपराओं, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा।
दोनों दिन आगंतुकों के लिए फेस पेंटिंग, पोटली पर्सनलाइजेशन, इत्र निर्माण और उत्सवी ब्लॉक प्रिंटिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।
दूसरे दिन ‘उत्तराखंड एक वैवाहिक गंतव्य : विवाह व्यवसाय की संभावनाएं’ विषय पर परिचर्चा भी होगी। इसमें विवाह आयोजन, आतिथ्य, पर्यटन और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे। चर्चा में बदलते वैवाहिक चलन, उपभोक्ताओं की अपेक्षाओं, उद्यमिता के अवसरों और उत्तराखंड को प्रमुख वैवाहिक गंतव्य के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
प्रदर्शनी में द ब्लूमिंग बाग, हैजलिंग डिजाइन, तान्ची आर्ट्स, भेड़ सूक, सोनम्स लेबल, पौची ज्वेल्वा, मोना जवांचा लेबल, फूलदेई, द हाउस ऑफ स्निग्धा, रेशम की डोरी, द शॉल स्टोरी, सुरभिज एटेलियर, ऐपनआर्ट राखी सहित कई ब्रांड हिस्सा ले रहे हैं।
फिक्की फ्लो उत्तराखंड का कहना है कि ‘फ्लो बाजार 2026’ खरीदारी, वैवाहिक प्रेरणा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और रचनात्मक गतिविधियों का संगम होगा, जो देहरादूनवासियों और बाहर से आने वाले आगंतुकों को दो दिनों का विशेष अनुभव प्रदान करेगा।








