
आठ राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा, मनोरंजन जगत के कलाकार क्रिकेट के मैदान पर दिखाएंगे प्रतिभा
देहरादून 14 अक्टूबर ।खेल और मनोरंजन जगत को एक मंच पर लाने तथा युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से नॉर्दर्न आर्टिस्ट क्रिकेट चैंपियंस लीग (एनएसीएल-2026) का आयोजन 26 से 31 अक्टूबर तक राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, देहरादून में किया जाएगा। छह दिन तक चलने वाली यह टी-20 लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता मनोरंजन जगत से जुड़े कलाकारों, मॉडल, गायकों और अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्रिकेट प्रतिभा दिखाने का अवसर देगी।
प्रतियोगिता में उत्तर भारत के आठ राज्यों एवं क्षेत्रों की टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान और उत्तर प्रदेश शामिल हैं। लीग चरण के मुकाबलों के बाद दो सेमीफाइनल और भव्य फाइनल खेला जाएगा।
आयोजन समिति के बताया किएनएसीएल-2026 का उद्देश्य केवल क्रिकेट प्रतियोगिता कराना नहीं, बल्कि युवाओं को नशे और अन्य नकारात्मक गतिविधियों से दूर रखते हुए उन्हें खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना भी है। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
लीग की खासियत यह होगी कि इसमें संगीत, फिल्म और मनोरंजन जगत से जुड़े कलाकार, मॉडल और गायक क्रिकेट के मैदान पर अपना हुनर दिखाएंगे। आयोजकों का कहना है कि विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिभागियों के बीच आपसी सहयोग, एकता और भाईचारे को भी बढ़ावा मिलेगा।
एनएसीएल-2026 के संस्थापक एवं निदेशकों में नितिन गिल, उदय खरब, साहिल संधू, दीपक छिल्लर, जेरी और आकाश गुर्जर शामिल हैं। आयोजकों का कहना है कि लीग को पेशेवर स्तर पर विकसित करने के साथ ही इसे युवाओं के लिए सकारात्मक संदेश देने वाला खेल मंच बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
आयोजन समिति ने ‘नशे को ना, खेल को हां—स्वस्थ युवा, सशक्त उत्तराखंड’ का संदेश देते हुए युवाओं से नशे और नकारात्मक गतिविधियों से दूर रहकर खेलों तथा अपने लक्ष्यों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील की है।
राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में होने वाली इस प्रतियोगिता से देहरादून को खेल और मनोरंजन से जुड़े बड़े आयोजनों के केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। आयोजकों ने खेल प्रेमियों, युवाओं, अभिभावकों और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों से आयोजन को सहयोग देने की अपील की ।








