बाघ के हमले में महिला की मौत पर गोदियाल ने जताया शोक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पीड़ित परिवार से मिले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष, मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाने की मांग

पौड़ी गढ़वाल 10 अक्टूबर ।बछेली ग्रामसभा में बाघ के हमले में महिला की मौत की घटना पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने गहरा दुख जताया। उन्होंने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

गोदियाल ने कहा कि बाघ के हमले में महिला की मौत बेहद दुखद और हृदयविदारक है। परिवार के लिए यह अपूरणीय क्षति है। उन्होंने दिवंगत महिला को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

उन्होंने कहा कि पौड़ी गढ़वाल सहित प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में जंगली जानवरों के हमलों की घटनाएं चिंता का विषय बनती जा रही हैं। ग्रामीणों को खेती-बाड़ी, मवेशियों की देखभाल और रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी भय के माहौल में रहना पड़ रहा है। ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन और वन विभाग की जिम्मेदारी है।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार उचित एवं पर्याप्त मुआवजा तत्काल उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही वन विभाग और प्रशासन से क्षेत्र में बाघ की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखने, ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

गोदियाल ने कहा कि किसी परिवार के सदस्य की इस तरह असमय मौत पूरे क्षेत्र की पीड़ा है। ग्रामीणों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने मानव-वन्यजीव संघर्ष की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने पर जोर दिया।

यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने दी।

Leave a Comment

और पढ़ें