
देहरादून 10 अक्टूबर। राष्ट्रीय स्वच्छ वायु कार्यक्रम के तहत नगर निगम देहरादून के तत्वावधान में लक्ष्य सोसायटी ने शनिवार को स्वच्छ वायु और वायु प्रदूषण नियंत्रण को लेकर जन-जागरूकता साइकिल रैली आयोजित की। रैली में पहाड़ी पैडलर समूह और हंस पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
रैली का शुभारंभ महाराणा प्रताप चौक, रायपुर से हुआ। प्रतिभागी नथुवावाला, बालावाला और भगवान दास चौक होते हुए हंस पब्लिक स्कूल, मियांवाला पहुंचे, जहां रैली का समापन हुआ।
रैली के माध्यम से लोगों को स्वच्छ वायु के महत्व, वायु प्रदूषण से होने वाले दुष्प्रभावों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। प्रतिभागियों ने साइकिल के इस्तेमाल को बढ़ावा देने, अनावश्यक मोटर वाहनों का उपयोग कम करने, ईंधन बचाने और पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
आयोजकों ने कहा कि वायु प्रदूषण कम करने के लिए जनसहभागिता जरूरी है। नागरिक यदि दैनिक जीवन में साइकिल सहित पर्यावरण अनुकूल परिवहन के साधनों को अपनाएं तो प्रदूषण नियंत्रण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
लक्ष्य सोसायटी ने नगर निगम के सहयोग से नागरिकों, युवाओं और विद्यार्थियों से स्वच्छ वायु अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से स्वच्छ, स्वस्थ और हरित देहरादून के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।






