सड़क, पेयजल, सिंचाई, मंदिर सौंदर्यीकरण और कुंभ मेला अवस्थापना से जुड़े कार्यों को मिलेगी गति
देहरादून 10 अक्टूबर ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में विभिन्न विकास योजनाओं, निर्माण कार्यों और कुंभ मेला-2027 से संबंधित कार्यों के लिए करीब 81 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृतियां प्रदान की हैं। स्वीकृत धनराशि से सड़क, पेयजल, सिंचाई, मंदिर सौंदर्यीकरण और मेला अवस्थापना से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
चंपावत जिले के टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में 10-10 किलोमीटर आंतरिक मार्गों के निर्माण के लिए 9.94 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। देहरादून के डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में माजरी ग्रांट के लालतप्पड़ से गोरखा बस्ती सागर क्षेत्र तक दो किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए 1.37 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।
पिथौरागढ़ जिले के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में भूमिधारा से कुमालगांव तक खड़ंजा और पुलिया निर्माण के लिए 74.24 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में 44.54 लाख रुपये जारी किए जाएंगे। वहीं पिथौरागढ़ विधानसभा क्षेत्र के मझेड़ा में प्राथमिक विद्यालय भूगांव से नाघर, कुमाल्ता और स्यूसी तक संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 49.85 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है।
धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास के लिए भी धनराशि स्वीकृत की गई है। ऊधमसिंह नगर के जसपुर के डाम क्षेत्र स्थित प्राचीन मंदिर के सुदृढ़ीकरण के लिए 1.62 करोड़ रुपये, पिथौरागढ़ के गुरु गोरखनाथ मंदिर मेला स्थल के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए 32.53 लाख रुपये तथा अल्मोड़ा के सल्ट स्थित शक्तिपीठ भौनादेवी मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार स्थित कण्वाश्रम में चक्रवर्ती सम्राट भरत की प्रतिमा स्थापित करने और सौंदर्यीकरण के लिए स्वीकृत 79.74 लाख रुपये के सापेक्ष 31.90 लाख रुपये की अवशेष धनराशि जारी करने की स्वीकृति दी गई है।
पेयजल और सिंचाई से जुड़े कार्यों में कोटद्वार की सनेह नगरीय पेयजल योजना के तहत सनेह मल्ली में नलकूप खनन और उद्गम जलाशय निर्माण के लिए 3.30 करोड़ रुपये तथा पिथौरागढ़ के ग्राम पंचायत तौक भौरा में फील्ड सिंचाई गूल निर्माण के लिए 44.13 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र की कीर्तिनगर तहसील में अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आवासीय भवनों के निर्माण हेतु 1.21 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। योजना का कार्य शुरू करने के लिए 50 लाख रुपये भी स्वीकृत किए गए हैं।
कुंभ मेला-2027 के 18 कार्यों को 61.42 करोड़
हरिद्वार में कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर भारत सरकार के अवस्थापना अनुदान के तहत प्रस्तावित 18 कार्यों के लिए 61.42 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इससे मेला क्षेत्र में अवस्थापना से जुड़े विभिन्न कार्यों को गति मिलेगी।
इसके अलावा चंपावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में त्यौन्दर बाबा मंदिर फोर्ती, भूमिया बाबा मंदिर फोर्ती और महारूद्र मंदिर फोर्ती के सौंदर्यीकरण के लिए 20-20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सरकार के अनुसार इन स्वीकृतियों से विभिन्न क्षेत्रों में विकास और धार्मिक पर्यटन से जुड़े कार्यों को गति मिलेगी।







