मोहब्बेवाला में लगातार सड़क हादसों पर डीएम-एसएसपी सख्त, तकनीकी जांच के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली-देहरादून राजमार्ग के दुर्घटना संभावित क्षेत्र का किया निरीक्षण, बड़े साइन बोर्ड और रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश

देहरादून 21 सितंबर ।मोहब्बेवाला क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राजमार्ग पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोभाल ने सोमवार को राजमार्ग और दुर्घटनास्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मौके पर स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए तत्काल आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में लगातार हो रही दुर्घटनाओं के संभावित कारणों की जानकारी ली। जिलाधिकारी और एसएसपी ने संबंधित विभागों को दुर्घटनाओं की विस्तृत तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए। साथ ही सड़क की इंजीनियरिंग, दुर्घटना संभावित स्थान, तेज गति से वाहन चलाने और यातायात नियमों के उल्लंघन समेत सभी पहलुओं का विस्तृत विश्लेषण कर कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

अधिकारियों ने कहा कि दुर्घटना संभावित क्षेत्र में वाहन चालकों को पहले से सतर्क करने के लिए बड़े चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं। इसके साथ ही वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए रंबल स्ट्रिप लगाने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि तैयार की जाने वाली कार्ययोजना को तत्काल धरातल पर लागू किया जाए, ताकि मोहब्बेवाला क्षेत्र में सड़क हादसों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।
निरीक्षण के दौरान एसपी सिटी, प्रशासन, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), परिवहन विभाग और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें