मां नंदा-सुनंदा के चित्रण से सजी चित्रकला प्रतियोगिता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कूर्मांचल सांस्कृतिक एवं कल्याण परिषद गढ़ी शाखा में छठवें दिन विभिन्न कार्यक्रम आयोजित

देहरादून 20 सितंबर ।कूर्मांचल सांस्कृतिक एवं कल्याण परिषद गढ़ी शाखा की ओर से आयोजित नंदा-सुनंदा महोत्सव के छठवें दिन विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः नित्य पूजन-अर्चना से हुई। इसके बाद बच्चों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता और महिलाओं के लिए मांगल प्रतियोगिता आयोजित की गई।

चित्रकला प्रतियोगिता में पांच वर्ष से लेकर 26 वर्ष तक के बच्चों ने अलग-अलग वर्गों में प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का विषय मां नंदा-सुनंदा का चित्रण रखा गया था। बच्चों ने अपनी प्रतिभा और कल्पनाशीलता के अनुरूप मां नंदा-सुनंदा के सुंदर चित्र बनाकर सभी का मन मोह लिया। आयोजकों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना की।

मांगल प्रतियोगिता में परिषद की विभिन्न शाखाओं से महिलाओं ने अलग-अलग वर्गों में प्रतिभाग किया। गढ़ी शाखा की कमला पांडे, शोभा जोशी और जानकी जोशी ने ‘शकुनाखर शकुना दे काज अति नीका…’ से मांगल की शुरुआत की। इसके बाद भगवती जोशी की माजरा शाखा ने ‘समाए बधाइय न्यूतिए, आज बधाईये न्यूतिये…’ की प्रस्तुति दी।
प्रेमा तिवारी और राधा भट्ट की टीम ने ‘पैली न्यूति पैली न्यूति वेदमुखी ब्रह्मा’ प्रस्तुत किया। उमा मनराल ने ‘सुवा रे सुवा बनखंडी सुवा’ तथा भारती पांडे की कांवली शाखा की टीम ने ‘सांझ पड़ी सांझ वाली पाया चली ऐना…’ की प्रस्तुति दी। तनुजा तिवारी ने ‘सभा में बैठे राजा दशरथ’ सहित विभिन्न मांगल गीतों की प्रस्तुति दी। महिलाओं ने भजनों और मांगल गीतों के माध्यम से मां नंदा-सुनंदा के चरणों में अपनी भेंट अर्पित की।
इस अवसर पर कमल जोशी टपकेश्वर की टीम ने मां के दरबार में सुंदर भजन संध्या प्रस्तुत की। भजनों से कार्यक्रम स्थल भक्तिमय हो गया और उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर नजर आए।
कार्यक्रम में भाजपा की प्रदेश मंत्री नेहा शर्मा, कांग्रेस के सोशल मीडिया अध्यक्ष अभिनव थापर, परिषद के केंद्रीय अध्यक्ष कमल रजवार, कार्यक्रम संयोजक बबीता साह लोहनी, जीसी जोशी, प्रेम तिवारी, हरीश चंद्र पांडेय, केडी जोशी, अलका रावत, कल्पना वर्मा और लक्ष्मण सिंह राठौड़ सहित परिषद के पदाधिकारी, सदस्य और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें