
क्लीन एंड ग्रीन एनवायरनमेंट समिति ने मानसून सत्र में 11वां वृक्षारोपण अभियान चलाया
देहरादून 20 सितंबर ।क्लीन एंड ग्रीन एनवायरनमेंट समिति की ओर से केंद्रीय विद्यालय, वन अनुसंधान संस्थान, पंडितवाड़ी में वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान फूल और फलदार प्रजातियों के 100 से अधिक पौधे रोपे गए। समिति का यह मानसून सत्र का 11वां वृक्षारोपण अभियान था।
अभियान के दौरान अमलताश, सिल्वर ओक, कनेर, चंपा, गुलमोहर और कैसिया सामिया समेत विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। विद्यालय के उप प्रधानाचार्य अश्वनी कुमार ने अभियान में सहयोग देते हुए रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल के साथ खाद और पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।
समिति के अध्यक्ष राम कपूर ने कहा कि उत्तराखंड में इस वर्ष मानसून अपेक्षाकृत कमजोर रहा है। लगातार बढ़ते वैश्विक तापमान और पर्यावरणीय बदलावों का असर प्रकृति पर पड़ रहा है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से समिति की ओर से लगातार वृक्षारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाकर उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरण को संरक्षित करने में योगदान दिया जा सकता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा नेता अर्चित डाबर सहित विद्यालय प्रबंधन और समिति के सदस्यों ने पौधरोपण किया। इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष राम कपूर, उपाध्यक्ष रणदीप अहलूवालिया, सचिव जेपी किमोठी, कोषाध्यक्ष शंभू शुक्ला, संयोजक नितिन कुमार तथा गौरव सोनकर, अमरनाथ कुमार, नमित चौधरी, मनोज श्रीवास्तव, गगन चावला, राजेश बाली, संजय पाण्डेय और अजय पेटवाल , उप प्रधानाचार्य अश्वनी कुमार शामिल रहे।








