विद्यालयों में विकसित भारत की तस्वीर उकेरेंगे छात्र-छात्राएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सेवा संकल्प अभियान के तहत भाषण, चित्रकला, निबंध, रंगोली और युवा संवाद कार्यक्रम होंगे आयोजित

देहरादून 20 सितंबर। प्रदेशभर के राजकीय और निजी विद्यालयों में सेवा संकल्प अभियान के तहत छात्र-छात्राओं की भागीदारी से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यालयों में भाषण, चित्रकला, निबंध, रंगोली प्रतियोगिता और युवा संवाद कार्यक्रम होंगे। विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

प्राथमिक शिक्षा निदेशालय स्थित विद्या समीक्षा केंद्र में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान डॉ. रावत ने बताया कि 26 सितंबर को प्रत्येक विद्यालय में भाषण और 28 सितंबर को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। चित्रकला प्रतियोगिता में छात्र-छात्राएं विकसित भारत की परिकल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित करेंगे। विद्यालय स्तर पर चयनित प्रतिभागी जनपद और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि बालिका इंटर कॉलेजों में रंगोली प्रतियोगिता और प्रत्येक ब्लॉक अथवा विधानसभा क्षेत्र में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन जनपदों को भी अलग से पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रमों के सफल आयोजन की जिम्मेदारी संबंधित जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को दी गई है।

7 अक्टूबर को विद्यालयों में होगा गढ़भोज

विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने बताया कि 7 अक्टूबर को प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों और छात्रावासों में गढ़भोज कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत विद्यार्थियों को पहाड़ी और स्थानीय पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को उत्तराखंड की समृद्ध खान-पान परंपरा, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों से जोड़ना है।

उच्चीकृत विद्यालयों में इसी सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं

बैठक में डॉ. रावत ने नवीन उच्चीकृत विद्यालयों में इसी शैक्षणिक सत्र से कक्षाएं शुरू करने और विद्यार्थियों के प्रवेश सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के आगणन शासन को शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा। समग्र शिक्षा के तहत विद्यार्थियों को मिलने वाली निःशुल्क स्कूल ड्रेस, जूते और बैग की धनराशि भी जल्द डीबीटी के माध्यम से उनके खातों में भेजने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को भारत दर्शन और राज्य दर्शन कार्यक्रम के तहत शैक्षणिक भ्रमण पर भेजने की तैयारियां भी समय से पूरी करने को कहा। बैठक में अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा नमामि बंसल, महानिदेशक शिक्षा आकांक्षा कोंडे, निदेशक माध्यमिक वीपी सिमल्टी, निदेशक प्राथमिक केएस रावत, उप निदेशक जेपी काला, मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून गोविंद राम जायसवाल सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। अन्य जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।

Leave a Comment

और पढ़ें