
मुंबई 9 सितंबर। स्टार प्लस के आगामी शो ‘इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो’ का नया कव्वाली एंथम म्यूजिक वीडियो जारी कर दिया गया है। बनिजय एशिया द्वारा निर्मित इस शो के एंथम में अभिनेता अनिल कपूर का जोशीला और एनर्जेटिक अंदाज देखने को मिल रहा है। शो का टीजर जारी होने के बाद अब एंथम ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
एंथम को लेकर अनिल कपूर ने कहा कि ‘इंडिया के टॉप 1%’ हर व्यक्ति के सोचने के अलग तरीके का जश्न मनाता है। कव्वाली शो की ऊर्जा, जीवंतता और मनोरंजन को सामने लाती है। उन्होंने कहा कि इसकी एनर्जी उस रोमांच की झलक देती है, जब 100 कंटेस्टेंट एक भव्य मंच पर अपनी रोजमर्रा की सोच को परखते नजर आएंगे।
अनिल कपूर ने बताया कि पहली बार कव्वाली परफॉर्म करना उनके लिए नया और रोमांचक अनुभव था। वह चाहते थे कि उनकी प्रस्तुति शो की खास पहचान के अनुरूप हो। उनके मुताबिक, कोरियोग्राफर गणेश आचार्य ने उनकी इस सोच को बखूबी समझा और अपनी सिग्नेचर शैली के जरिए कोरियोग्राफी में अलग रंग भर दिया। इससे पूरी प्रस्तुति उनके लिए और भी मजेदार बन गई।
स्टार प्लस ने इस खास म्यूजिकल प्रस्तुति के लिए गणेश आचार्य के साथ सहयोग किया है। जोश और मस्ती से भरपूर यह एंथम शो की थीम ‘बात खटकी तो जीत पक्की’ को नया संगीतात्मक अंदाज देता है।
‘इंडिया के टॉप 1%- द अनिल कपूर शो’ का प्रसारण 19 सितंबर से रात आठ बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा। शो का निर्माण बनिजय एशिया ने किया है।







