
देहरादून, 9 सितंबर। ग्रामीण विकास विभाग में लंबे समय से लंबित सहायक खंड विकास अधिकारियों (एबीडीओ) की पदोन्नति का रास्ता साफ हो गया है। ग्रामीण विकास मंत्री भरत सिंह चौधरी ने एबीडीओ को पदोन्नत कर खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बनाने का निर्णय लिया है। पदोन्नति के बाद अधिकारियों को विभिन्न विकासखंडों में नई तैनाती दी गई है।
मंत्री के इस फैसले से लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे अधिकारियों को राहत मिली है। साथ ही विकासखंड स्तर पर बीडीओ की उपलब्धता बढ़ने से ग्रामीण विकास योजनाओं के क्रियान्वयन और निगरानी को गति मिलने की उम्मीद है।
ग्रामीण विकास विभाग में बीडीओ की भूमिका विकास योजनाओं के संचालन, विभागीय समन्वय, जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों की निगरानी में महत्वपूर्ण होती है। पदोन्नत अधिकारियों की तैनाती से विकासखंडों में प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होने के साथ ही स्वयं सहायता समूहों, आजीविका गतिविधियों और अन्य ग्रामीण विकास कार्यक्रमों के प्रभावी संचालन में मदद मिलेगी।
पदोन्नत अधिकारियों ने मंत्री के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे कर्मचारी हित में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित पदोन्नति होने से उन्हें नई जिम्मेदारी के साथ काम करने का अवसर मिला है।
मंत्री के इस फैसले को कर्मचारी हित और जनहित, दोनों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर अधिकारियों को उनका लंबित पदोन्नति अधिकार मिला है, वहीं दूसरी ओर विकासखंडों में बीडीओ की उपलब्धता बढ़ने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की उम्मीद जगी है।








