
चमोली, 14 अगस्त। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटनास्थल पर रेस्क्यू अभियान का जायजा लिया। इसके बाद मुख्यमंत्री जिला अस्पताल गोपेश्वर पहुंचे और रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों से उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से अस्पताल में उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली और घायल श्रमिकों को बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी की जाए और आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति की जान बेहद कीमती है और सरकार उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग कर रही है। टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू अभियान में किसी भी स्तर पर कमी नहीं रहने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हादसे से प्रभावित श्रमिकों के परिजनों को समय पर सूचना उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने संबंधित राज्यों के मुख्यमंत्रियों से स्वयं वार्ता की है। उन्होंने कहा कि टनल दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश भी दिए गए हैं।
इस दौरान बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ. राजीव पाल सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।






