चमोली में निर्माणाधीन टनल में मलबा-पानी घुसा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चमोली 13 अगस्त ।मायापुर (पीपलकोटी) में गुरुवार शाम टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने से कई मजदूरों के फंसने की सूचना मिली। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया। अब तक 13 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य लोगों की तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार शाम करीब 7:05 बजे की है। प्रारंभिक सूचना के मुताबिक टनल में निर्माण कार्य के दौरान 18 से 19 लोग मौजूद थे। निर्माण कार्य एचसीसी कंपनी की ओर से कराया जा रहा था। टनल में अचानक मलबा और पानी भरने के बाद मजदूरों के फंसने की सूचना प्रशासन को मिली।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना की गई हैं। डीआईआरएफ, स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ के जवान मौके पर राहत एवं बचाव अभियान चला रहे हैं।
जिला प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर मौजूद हैं और पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी की जा रही है। शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। मौके पर बचाव कार्य के लिए आवश्यक संसाधन भी जुटाए जा रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें