
देहरादून 13 अगस्त । प्रेमनगर और गढ़ी कैंट क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जनसमस्याओं को लेकर महानगर कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को छावनी परिषद प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बदहाल सड़कों, जलभराव, खराब नालियों, सफाई, स्ट्रीट लाइट, सीवर और अन्य मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी पर आक्रोश जताया।
डॉ. गोगी ने कहा कि प्रेमनगर और गढ़ी कैंट की जनता वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी समस्याओं के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं। मानसून के दौरान जलभराव, खराब नालियों और क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण लोगों को परेशानी के साथ दुर्घटनाओं का खतरा भी बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि दशहरा ग्राउंड स्थित मिनी स्टेडियम का निर्माण पूरा होने के बावजूद उसका संचालन शुरू नहीं किया गया है। प्रेमनगर त्यागी मार्केट में बना स्मार्ट टॉयलेट भी जनता के लिए शुरू नहीं हुआ है। क्षेत्र में कई स्थानों पर सड़कें और स्ट्रीट लाइटें खराब हैं, जबकि सफाई और फॉगिंग व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है।
महानगर कांग्रेस ने क्षेत्र में नालों की विशेष सफाई, फॉगिंग और एंटी-लार्वा अभियान चलाने, खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, खतरनाक पेड़ों की लॉपिंग, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और आवारा पशुओं की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। डॉ. गोगी ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस आंदोलन को और तेज करेगी।
प्रदर्शन में प्रदेश कोषाध्यक्ष गोदावरी थापली, पार्षद शुष्यंत वोहरा, ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा, मोहित ग्रोवर, सुमित खन्ना, अनिल मोटा भाई, अभिनव थापर, अनिल बस्नेत, राजेश पुंढिर, अल्ताफ भाई, राहुल तलवार, सुनील, कुलदीप नरूला, रवींद्र रैना, ललित बद्री, प्रशांत खंडूरी, रितेश जोशी, दीपक मधवाल, राजेंद्र धवन, पल्ली भाई, भगवान सिंह और वीरेंद्र पंवार सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।






