पीपलकोटी टनल हादसा: सीएम धामी ने दिए युद्धस्तर पर राहत-बचाव के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। जनपद चमोली के पीपलकोटी स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी आने की घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों को युद्धस्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों को तत्काल घटनास्थल पर भेजा गया है। जिला प्रशासन सहित सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से राहत एवं बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।

धामी ने कहा कि वह स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और टनल में हुए घटनाक्रम की पल-पल की जानकारी ले रहे हैं। सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालना है। इसके लिए सभी आवश्यक संसाधन मौके पर लगाए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राहत और बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता न बरती जाए। साथ ही प्रभावित लोगों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने ईश्वर से टनल में फंसे सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना करते हुए कहा कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है। आवश्यकता के अनुसार हर संभव कदम उठाया जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें