टीएचडीसी टनल में फंसे 22 में से 19 लोग सुरक्षित बाहर निकाले,

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चमोली, 14 अगस्त। मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने के बाद रातभर राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा। टनल में फंसे 22 लोगों में से अब तक 19 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि तीन लोगों की तलाश जारी है। घटना में अब तक सात लोगों की मौत की सूचना है।

जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर रेस्क्यू अभियान की निगरानी कर रहे हैं। टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की करीब तीन किलोमीटर लंबी टीआरटी टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी आने से यह स्थिति बनी।

घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग के लिए टनल के अंदर गए सभी छह बचावकर्मी भी सुरक्षित बाहर हैं। रेस्क्यू किए गए घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है, जहां चिकित्सकों और स्वास्थ्य विभाग की टीमें उनकी लगातार निगरानी कर रही हैं।

रेस्क्यू अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस समेत अन्य तकनीकी और विशेषज्ञ टीमें जुटी हैं। टनल के भीतर मलबे और पानी की चुनौती के बीच बचाव दल सावधानी और आपसी समन्वय के साथ तीन लापता लोगों की तलाश में जुटे हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों और रेस्क्यू टीमों से लगातार जानकारी लेते हुए शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों और तकनीकी सहायता का प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से राहत-बचाव, घायलों के उपचार और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें