मुख्यमंत्री धामी ने आवास पर तिरंगा फहराकर दिया ‘हर घर तिरंगा’ का संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून, 13 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास पर तिरंगा फहराकर प्रदेशवासियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में सहभागिता का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रध्वज फहराकर अभियान को जनभागीदारी का स्वरूप देने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और गौरव की भावना का उत्सव है। तिरंगा देश की अस्मिता, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह राष्ट्रध्वज का सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज जन-जन का अभियान बन चुका है। उत्तराखंड की वीरभूमि ने देश की रक्षा और सेवा में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। ऐसे में प्रदेश का प्रत्येक परिवार उत्साह के साथ इस अभियान से जुड़े और राष्ट्रभक्ति की गौरवशाली परंपरा को और मजबूत करे।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों पर तिरंगा अवश्य लगाएं और राष्ट्रध्वज संहिता का पालन करें। साथ ही परिवार के बच्चों और युवाओं को भी तिरंगे के सम्मान तथा राष्ट्रप्रेम के संस्कारों से जोड़ें। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को और सुदृढ़ किया जा सकता है।

Leave a Comment

और पढ़ें