स्वतंत्रता दिवस पर यूपीसीएल के चार कार्यालयों में स्वास्थ्य शिविर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 12 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) की ओर से गुरुवार को ऊर्जा भवन समेत चार कार्यालयों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। शिविर में निगम के 300 से अधिक कार्मिकों एवं सदस्यों ने स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श का लाभ लिया।

प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी के मार्गदर्शन और अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. आरजे मलिक के नेतृत्व में आयोजित शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श दिया। मेट्रो हॉस्पिटल हरिद्वार, मेट्रो हॉस्पिटल नोएडा, ग्राफिक एरा हॉस्पिटल देहरादून, राही नेत्रधाम देहरादून और साइंटिफिक पैथोकेयर की ओर से विभिन्न स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण किया और चिकित्सकों व स्वास्थ्य सेवा प्रदाताओं से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निगम कार्मिकों का स्वास्थ्य और कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है। कार्यस्थल पर इस तरह के शिविर आयोजित करना उपयोगी और सराहनीय पहल है।
शिविर का उद्देश्य कार्मिकों को कार्यस्थल पर ही स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ नियमित स्वास्थ्य जांच और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना रहा।
इस अवसर पर निदेशक (वितरण एवं परियोजना) एमआर आर्य, निदेशक (वित्त) कमल शर्मा, अधिशासी निदेशक (मानव संसाधन) डॉ. आरजे मलिक समेत निगम के अन्य अधिकारी और कार्मिक मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें