देहरादून 14 अगस्त ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए करीब 15 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति को मंजूरी दी है। इनमें मंदिरों के सौंदर्यीकरण, बाढ़ सुरक्षा और सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के कार्य शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने ऊधमसिंह नगर जिले के खटीमा विधानसभा क्षेत्र में श्री गौरी शंकर महादेव मंदिर प्रांगण के सौंदर्यीकरण के लिए एक करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। वहीं चमोली जिले के कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के रानीगढ़ (देवल) स्थित मां आदिशक्ति देवराड़ी देवी पौराणिक मंदिर के सौंदर्यीकरण और प्रांगण विस्तार के लिए 98.28 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
उत्तरकाशी जिले के नौगांव विकासखंड के अंतर्गत यमुनोत्री धाम में मंदिर तथा जानकी चट्टी स्थित श्री राम मंदिर से अखोरीपुल तक यमुना नदी के दोनों ओर बाढ़ सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 12.63 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
इसके अलावा देहरादून स्थित राज्य स्तरीय सैनिक विश्राम गृह के जीर्णोद्धार के लिए 38.76 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति को भी मुख्यमंत्री ने अनुमोदन प्रदान किया है। सरकार के अनुसार इन कार्यों से धार्मिक स्थलों के विकास के साथ-साथ स्थानीय क्षेत्रों में सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।






