धामी ने ₹62 करोड़ की विकास योजनाओं को मंजूरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 25 जुलाई ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में विभिन्न विकास योजनाओं और निर्माण कार्यों के लिए करीब ₹62 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इनमें देहरादून के टपकेश्वर महादेव गढ़ी डाकरा कैंट में 8 एमएलडी क्षमता के सीवर शोधन संयंत्र के लिए भूमि खरीद को ₹6.62 करोड़ तथा नाबार्ड वित्तपोषित 21 योजनाओं के लिए ₹41.37 करोड़ की मंजूरी शामिल है।

मुख्यमंत्री ने कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत बल्ली बैरिकेटिंग, चक्रव्यूह बैरियर, अस्थायी फायर वॉच टावर आदि के लिए ₹5.46 करोड़ और आठ अस्थायी रैन बसेरों के निर्माण के लिए ₹6.85 करोड़ की स्वीकृति भी दी है।
धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास के तहत द्वाराहाट के सुकेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णोद्धार, अल्मोड़ा के सेराघाट स्थित मां मंगला भगवती मंदिर परिसर में धर्मशाला निर्माण, पिथौरागढ़ के बुद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण तथा धर्मशाला निर्माण के लिए भी वित्तीय मंजूरी दी गई है। वहीं उधमसिंहनगर के किच्छा क्षेत्र में डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क एवं तालाब के सौंदर्यीकरण के लिए ₹25 लाख स्वीकृत किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने भूतपूर्व सैनिकों के इंजीनियरिंग, मेडिकल और पीएचडी कर रहे छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के भुगतान के लिए कारगिल शहीद परिवार मुख्यमंत्री सहायता कोष से ₹36.84 लाख जारी करने का भी अनुमोदन दिया है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चम्पावत और उधमसिंहनगर के वाइब्रेंट विलेज में ग्रामीणों की कानून-व्यवस्था, दस्तावेज सत्यापन, चरित्र प्रमाण पत्र, साइबर जागरूकता और पुलिस संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए ‘थाना दिवस’ और ‘रात्रि चौपाल’ कार्यक्रम संचालित करने को भी मंजूरी प्रदान की है।

Leave a Comment

और पढ़ें