वीर शहीदों का सर्वोच्च बलिदान देश हमेशा रखेगा याद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 25 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए कहा कि राष्ट्र के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले वीरों का बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा।

कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल युद्ध में उत्तराखंड के वीर सपूतों ने अग्रिम मोर्चे पर अद्वितीय साहस का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। देश उनके त्याग और बलिदान का सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय सैनिकों ने अपने शौर्य और पराक्रम से हमेशा देश का गौरव बढ़ाया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि वीरभूमि भी है। छोटे राज्य होने के बावजूद देश की सुरक्षा में उत्तराखंड का योगदान उल्लेखनीय रहा है। राज्य की सैनिक परंपरा ऐसी है कि यहां लगभग हर परिवार से कोई न कोई सदस्य सेना में रहकर राष्ट्र सेवा कर रहा है। इस गौरवशाली विरासत पर पूरे प्रदेश को गर्व है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है तथा उनके सम्मान और हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे कारगिल के वीर शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें।

Leave a Comment

और पढ़ें