कारगिल विजय दिवस पर एबीवीपी की मशाल यात्रा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 26 जुलाई। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) देहरादून महानगर ने गांधी पार्क से घंटाघर तक भव्य मशाल यात्रा निकालकर कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। यात्रा में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

हाथों में जलती मशालें लेकर निकले कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’, ‘कारगिल के वीर शहीद अमर रहें’ और ‘वंदे मातरम’ के नारों से पूरे मार्ग को देशभक्ति के माहौल से सराबोर कर दिया। यात्रा का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करना और कारगिल युद्ध के शहीदों के बलिदान को याद करना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एबीवीपी के प्रदेश मंत्री यशवंत पंवार ने कहा कि भारतीय सेना निस्वार्थ भाव से राष्ट्र के प्रति कर्तव्य निभाने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में अदम्य साहस और वीरता का परिचय देकर देश का गौरव बढ़ाया।
घंटाघर पर मशाल यात्रा के समापन पर कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों को श्रद्धांजलि दी तथा देश की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य सुमित कुमार, विभाग संगठन मंत्री प्रमेश जोशी, डीएवी छात्र संघ अध्यक्ष ऋषभ मल्होत्रा, एसजीआरआर छात्र संघ अध्यक्ष बलवीर कुँवर, महानगर मंत्री आयुषी पैन्युली, जिला छात्रा विस्तारिका भावना सहित एबीवीपी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें