पेपर लीक मामला में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 25 जुलाई । उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय में पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेश उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए नंदा की चौकी से विश्वविद्यालय गेट तक जोरदार प्रदर्शन किया और मुख्य द्वार का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तकनीकी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत का पुतला दहन भी किया।
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने संयुक्त रूप से किया।
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बार-बार प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होना युवाओं के भविष्य पर सीधा कुठाराघात है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में तकनीकी शिक्षा, नीट और यूकेएसएसएससी जैसी परीक्षाओं के पेपर जिस तरह समय से पहले लीक हुए हैं, उसने परीक्षा कराने वाली एजेंसियों और भाजपा सरकार की नीयत पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। यदि मामले की न्यायिक और निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई, तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में चरणबद्ध आंदोलन करेगी। प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि नीट और तकनीकी शिक्षा परीक्षाओं में लगातार हो रही धांधली से लाखों छात्रों और अभिभावकों का भरोसा टूटा है। उन्होंने चेतावनी दी कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और कांग्रेस इस मुद्दे को सड़क से लेकर विधानसभा तक मजबूती से उठाएगी। डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि गरीब माता-पिता की खून-पसीने की कमाई से तैयारी करने वाले छात्रों का मनोबल टूट रहा है। परीक्षा प्रणाली में गंभीर खामियां हैं और सत्ताधारी दल के लोगों की संलिप्तता चिंता का विषय है।
विश्वविद्यालय परिसर के बाहर उग्र प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद पुलिस ने गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। सभी को सुद्धोवाला जेल ले जाया गया, जहां से कुछ समय बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। विरोध प्रदर्शन में प्रदेश महिला अध्यक्ष ज्योति रौतेला, प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा, संगठन महामंत्री राजेंद्र भंडारी, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि सहित सैकड़ों की संख्या में पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें