मुख्यमंत्री ने ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को दिखाई हरी झंडी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 25 जुलाई ।कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गढ़ीकैंट स्थित शौर्य स्थल, चीड़बाग में आयोजित ‘रन फॉर कारगिल हीरोज’ मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी और उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि 1999 के कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने विषम परिस्थितियों में अद्वितीय वीरता का परिचय देकर मातृभूमि की रक्षा की और पूरी दुनिया को भारतीय सेना की ताकत का एहसास कराया। उन्होंने कहा कि देश हमेशा अपने वीर जवानों और शहीदों के बलिदान का ऋणी रहेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और प्रदेश के अनेक सैनिकों ने कारगिल सहित विभिन्न सैन्य अभियानों में अपने शौर्य से देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा उनके सम्मान और हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने और देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, युवा, मातृशक्ति और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें