
देहरादून, 16 जुलाई। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने उत्तराखंड जल विद्युत निगम (यूजेवीएनएल) और कार्यदायी संस्था एलएंडटी को परियोजना का निर्माण वर्ष 2031 तक पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्य में तेजी लाने के लिए मैनपावर और मशीनरी बढ़ाने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है, जिससे कई राज्यों को लाभ मिलेगा। उन्होंने निर्माण कार्य की समयबद्धता और गुणवत्ता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश देते हुए कहा कि अगले दो-तीन दिनों में सभी संबंधित संस्थाएं विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत करें। उन्होंने परियोजना के प्रत्येक चरण के लिए चार्ट तैयार कर उसका शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य सचिव ने एलएंडटी और यूजेवीएनएल के अधिकारियों को परियोजना स्थल पर नियमित रूप से रहकर दैनिक, पाक्षिक और मासिक समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रीय जल आयोग से जुड़े सभी आवश्यक तकनीकी परीक्षण शीघ्र पूरा कराने तथा विशेषज्ञों की निगरानी में गुणवत्ता मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने अधिग्रहीत भूमि के मुआवजे का वितरण शीघ्र पूरा करने और प्रभावित परिवारों से लगातार संवाद बनाकर लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुन्दरम, यूजेवीएनएल के प्रबंध निदेशक ए.के. सिंह, एलएंडटी के महाप्रबंधक प्रभु कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर विष्णु मोहन श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।









