
देहरादून, 15 जुलाई। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के समर्थन में बुधवार को प्रेमनगर बाजार के मुख्य चौराहे पर उत्तराखंड कांग्रेस की ओर से नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था की चुनौतियों, प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, बेरोज़गारी और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को उठाया गया। कलाकारों ने विद्यार्थियों पर बढ़ते मानसिक दबाव और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों को मंचन के जरिए प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में देहरादून की छात्रा रिया थापा की आत्महत्या की घटना का भी उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य पर चिंता जताई गई। साथ ही नीट परीक्षा से जुड़े विवादों और छात्रों में बढ़ती असुरक्षा के मुद्दे भी उठाए गए।
प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर ने विद्यार्थियों और युवाओं से 17 जुलाई को शाम पांच बजे बन्नू स्कूल मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज़ उठाना जरूरी है।
कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र तनेजा, प्रेमनगर कांग्रेस अध्यक्ष मोहित ग्रोवर, युवा कांग्रेस कैंट विधानसभा अध्यक्ष कार्तिक बिड़ला समेत कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय युवा मौजूद रहे।









