अधिक से अधिक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण में दें योगदान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 15 जुलाई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को हरेला पर्व की शुभकामनाएं देते हुए इसे प्रकृति, लोक संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण का पर्व बताया। उन्होंने कहा कि हरेला हमें अपनी सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जुड़े रहने की प्रेरणा देता है।

हरेला पर्व की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्राकृतिक सौंदर्य और जैव विविधता से है। ऐसे में जल स्रोतों, नदियों और गाड़-गदेरों के संरक्षण व पुनर्जीवन के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से वृक्षारोपण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ी है। हरेला पर्व के अवसर पर वन एवं उद्यान विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण अब केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि जनभावना से जुड़ा अभियान बन चुका है। इससे भावी पीढ़ी को प्रकृति संरक्षण और अपनी परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की अपील की। साथ ही सामाजिक संगठनों एवं संस्थाओं से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

Leave a Comment

और पढ़ें