
देहरादून 17 जून ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में आयोजित उत्तराखंड सचिवालय संघ के शपथ ग्रहण समारोह में नवनिर्वाचित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर उन्होंने सभी पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने संघ के नवनिर्वाचित अध्यक्ष दीपक जोशी, उपाध्यक्ष राकेश जोशी, संजय कुमार शर्मा एवं प्रमिला टम्टा, महासचिव राजेंद्र रतूड़ी, सचिव अतुल कुमार सिंह, संयुक्त सचिव दिव्यांशु डोभाल और सुरेंद्र सिंह रावत, संप्रेक्षक रीना मखनवाल, कोषाध्यक्ष रमेश सिंह बर्त्वाल तथा प्रचार सचिव दीपक बिष्ट सहित पूरी कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सचिवालय केवल एक भवन नहीं, बल्कि प्रदेश की शासन व्यवस्था की आत्मा और जनविश्वास का प्रमुख केंद्र है। यहीं से नीतियों का निर्माण होता है, जनकल्याणकारी योजनाओं को दिशा मिलती है और राज्य के विकास की रूपरेखा तय होती है।
उन्होंने कहा कि सचिवालय में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी विकसित उत्तराखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सरकार की योजनाओं और नीतियों को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सचिवालय परिवार की भूमिका अत्यंत अहम है। सचिवालय के कर्मचारी शासन और जनता के बीच विश्वास के मजबूत सेतु के रूप में कार्य करते हैं, जिनकी कार्यकुशलता और समर्पण से सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शासन व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, पारदर्शी और जनहितकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। कर्मचारी संगठनों के साथ नियमित संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं और सुझावों के समाधान की दिशा में कार्य किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि एक मजबूत, प्रेरित और संतुष्ट कर्मचारी तंत्र सुशासन की सबसे बड़ी ताकत होता है। शासन और कर्मचारी जब टीम भावना के साथ कार्य करते हैं तो विकास कार्यों में तेजी आती है और जनता का विश्वास भी मजबूत होता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रशासनिक प्रक्रियाओं के सरलीकरण, तकनीक आधारित सेवाओं के विस्तार और ई-गवर्नेंस को सशक्त बनाने के लिए लगातार कदम उठा रही है। सरकार का उद्देश्य आम नागरिकों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराना है, जिसमें सचिवालय परिवार की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उत्तराखंड सचिवालय बेहतर कार्य संस्कृति, आपसी समन्वय और सकारात्मक वातावरण के माध्यम से सुशासन और कार्यकुशलता की नई मिसाल स्थापित करेगा। साथ ही उन्होंने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी से अपेक्षा की कि वे सेवा, संवेदनशीलता और समर्पण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए राज्य को देश का अग्रणी राज्य बनाने के सरकार के “विकल्प रहित संकल्प” को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।कार्यक्रम में शासन के वरिष्ठ अधिकारी, सचिवालय संघ के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।









