सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर चम्पावत में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंपावत, 10 फरवरी ।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशानुसार राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) चम्पावत द्वारा सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर जिला सभागार में साइबर सुरक्षा विषयक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी ने की।
कार्यशाला का उद्देश्य आमजन, शासकीय कर्मचारियों, विद्यालयी विद्यार्थियों एवं अधिकारियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित इंटरनेट उपयोग के संबंध में व्यवहारिक जानकारी प्रदान करना था।
जिला सूचना विज्ञान अधिकारी ध्रुव रावत एवं अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अमित बूरा ने साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकारों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सुरक्षित पासवर्ड का उपयोग, फिशिंग से बचाव, ऑनलाइन ठगी की पहचान, सोशल मीडिया सुरक्षा और डिजिटल लेनदेन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए। प्रतिभागियों को किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की तुरंत सूचना साइबर पुलिस या संबंधित एजेंसियों को देने की सलाह भी दी गई।
अपर जिलाधिकारी कृष्णनाथ गोस्वामी ने साइबर ठगी से जुड़े अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है। जिला संवाददाता आकाशवाणी/दूरदर्शन चंद्र शेखर ओली ने भी अपने साथ हुई साइबर ठगी की घटना का उल्लेख कर विद्यार्थियों और कर्मचारियों को सजग रहने का संदेश दिया।
इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट, एनआईसी चम्पावत के नेटवर्क इंजीनियर रजत पाण्डेय एवं दिग्विजय सिंह पांगती, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर तनुज सिंह रावल, स्वान कार्यालय चम्पावत प्रभारी हर्षित कुमार, पंकज बोहरा, शेखर राणा सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें