जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार सरकार की प्रभावी पहल : गणेश जोशी
रुद्रपुर, 25 जनवरी।
प्रदेश के कृषि एवं जनपद ऊधमसिंह नगर के प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को रुद्रपुर स्थित राजकीय इंटर कॉलेज बागवाला में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और शिविर में पहुंचे लाभार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।
मंत्री जोशी ने बताया कि जन–जन की सरकार, जन–जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में कुल 48 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 39 शिकायतों का निस्तारण अधिकारियों की मौजूदगी में मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतें विकासपरक योजनाओं से संबंधित थीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रदेशभर में 45 दिनों तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिससे अब तक 4 लाख 62 हजार से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं। उन्होंने इसे राज्य सरकार की एक अनूठी और जनकल्याणकारी पहल बताया।
उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त किया जा रहा है और अब तक 1 लाख 65 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। महिलाएं कृषि, गृह उद्योग और समूह कार्यों के जरिए प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती दे रही हैं।
कृषि मंत्री ने किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि कृषि विभाग द्वारा 80 प्रतिशत तक कृषि यंत्रों, बीज और अन्य संसाधनों पर सब्सिडी दी जा रही है। उन्होंने मिलेट्स के स्वास्थ्यवर्धक लाभों पर भी प्रकाश डाला। साथ ही कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) लागू कर उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है।
इस अवसर पर मंत्री गणेश जोशी ने बाल विकास विभाग द्वारा लाभार्थी महिलाओं को गोदभराई एवं मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की। साथ ही विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत चेक, टूल किट, व्हीलचेयर, जॉब कार्ड एवं प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान पौधरोपण भी किया गया।
मंत्री जोशी ने रविवार के दिन सफल आयोजन के लिए जिलाधिकारी एवं जिला प्रशासन की टीम की सराहना की।
इस मौके पर रुद्रपुर विधायक शिव अरोड़ा, मेयर विकास शर्मा, प्रधान हरीश भट्ट, सांसद प्रतिनिधि प्रीत ग्रोवर, प्रभारी मंत्री प्रतिनिधि जितेंद्र गौतम सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में सचिव नागरिक आपूर्ति आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी और उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट आदि उपस्थित थे।








