
देहरादून 25 जनवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को दून लाइब्रेरी, परेड ग्राउंड के निकट, देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का 130वां एपिसोड सुना।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मन की बात कार्यक्रम का हर एपिसोड प्रेरणादायी होता है। इस कार्यक्रम के माध्यम से समाज में सामान्य परिस्थितियों में अनवरत सेवा करने वाले लोगों को देश-दुनिया जानती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात को आमजन और जन-जन का कार्यक्रम बनाया है, जिससे अन्य लोग भी प्रेरित होते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में कई नवाचार हो रहे हैं। आज इनोवेशन, साइंस, टेक्नोलॉजी और एआई के क्षेत्र में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। एआई के बढ़ते प्रभाव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में सभी कार्यों में एआई की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। जो कार्य पहले कई दिनों में होते थे, वे अब कुछ ही घंटों में पूरे हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य में एआई के उपयोग को लेकर साइंस और आईटी टेक्नोलॉजी से जुड़े विभाग सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की प्रेरणा से राज्य सरकार ने कई ऐसे निर्णय लिए हैं जो राज्य में पहली बार हुए हैं। आज पूरे देश में उत्तराखंड की पहचान एक ऐसे राज्य के रूप में स्थापित हुई है, जहां ऐतिहासिक फैसले लिए गए हैं। उन्होंने कहा कि 27 जनवरी को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू हुए एक वर्ष पूरा हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में 2022 विधानसभा चुनाव से पहले राज्य की जनता से समान नागरिक संहिता लागू करने का वादा किया गया था, जिसे सरकार ने पूरा किया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक सीमावर्ती राज्य है, जहां चार धाम तथा गंगा-यमुना का उद्गम स्थल स्थित है। सुरक्षा की दृष्टि से भी राज्य अत्यंत संवेदनशील है, ऐसे में राज्य में रहने वाले सभी लोगों के लिए एक समान कानून आवश्यक था और सरकार ने इसे लागू कर दिखाया है।
मुख्यमंत्री ने सभी से केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और राज्य स्तर पर लिए गए निर्णयों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
इस अवसर पर विधायक खजान दास, विधायक सुरेश गढ़िया, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष प्रो. गोविंद बिष्ट, अनिल गोयल, संजय नेगी, दायित्वधारी रजनी रावत आदि उपस्थित थे।







