देहरादून में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, आईपीएल पर सट्टा खिलाते 5 गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 08 मई। उत्तराखण्ड एसटीएफ और देहरादून पुलिस की संयुक्त टीम ने आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टेबाजी कराने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में गिरोह के तार दुबई से संचालित प्रतिबंधित महादेव एप और रेडीबुक बैटिंग एप से जुड़े पाए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि बसंत विहार क्षेत्र में आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी की सूचना मिलने पर एसएसपी देहरादून और एसएसपी एसटीएफ के निर्देशन में संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने 7 मई 2026 की रात ऋषि विहार कॉलोनी स्थित एक किराये के फ्लैट पर छापा मारकर कार्रवाई की। मौके से पांच आरोपियों को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा खिलाते हुए गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे रेडीबुक बैटिंग एप के माध्यम से सट्टा संचालित करते थे। एप की यूजर आईडी और पासवर्ड उन्हें सुमित यादव नामक व्यक्ति उपलब्ध कराता था, जो दिल्ली-गुरुग्राम क्षेत्र में रहता है। पुलिस के मुताबिक उक्त आईडी दुबई से संचालित नेटवर्क के जरिए उपलब्ध कराई जाती थीं। आरोपियों द्वारा ग्राहकों को व्हाट्सएप ग्रुप और वेबसाइट के माध्यम से जोड़कर ऑनलाइन सट्टेबाजी कराई जाती थी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 22 एटीएम कार्ड, एयरटेल एक्सट्रीम फाइबर कनेक्शन और सट्टेबाजी से संबंधित डिजिटल सामग्री बरामद की है। पुलिस को कई बैंक खातों की जानकारी भी मिली है, जिनमें सट्टे की रकम का लेनदेन किया जा रहा था। इन खातों की जांच की जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जिस फ्लैट से सट्टा संचालित किया जा रहा था, वह हरिद्वार निवासी अंकित कुमार का है। फ्लैट आरोपियों को किराये पर दिलाने में भी सुमित यादव की भूमिका सामने आई है। पुलिस के अनुसार सुमित यादव पहले प्रतिबंधित महादेव बैटिंग एप से भी जुड़ा रहा है और भारत में बैन के बाद उसने रेडीबुक बैटिंग एप के जरिए नेटवर्क संचालित करना शुरू किया।
गिरफ्तार आरोपियों में सुनील शर्मा, संदीप गुप्ता, अकरंद शर्मा और अभिषेक शर्मा निवासी सरगुजा, छत्तीसगढ़ तथा संदीप कुमार निवासी औरंगाबाद, बिहार शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना बसंत विहार में जुआ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें