मतदान केवल अधिकार नहीं, नैतिक व संवैधानिक कर्तव्य: राज्यपाल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

  • लोक भवन में 16वां राष्ट्रीय मतदाता दिवस समारोह आयोजित, उत्कृष्ट अधिकारियों को सम्मान
    देहरादून, 25 जनवरी 2026।
    16वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर रविवार को लोक भवन, देहरादून में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) रहे। उन्होंने कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक और संवैधानिक कर्तव्य है।
    कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल ने दीप प्रज्वलन के साथ किया तथा उपस्थित नागरिकों को मतदाता शपथ दिलाई। इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव निर्वाचन दिलीप जावलकर, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे एवं जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
    राज्यपाल ने निर्वाचन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चम्पावत और बागेश्वर के जिलाधिकारियों को सम्मानित किया। वहीं, प्री-एसआईआर के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए ईआरओ रुड़की, खटीमा और चकराता को भी सम्मान प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त राज्य के स्टेट आइकॉन पद्मश्री बसंती बिष्ट, ओलंपियन मनीष रावत एवं नुंग्शी मलिक को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। 18 वर्ष पूर्ण कर चुके नए मतदाताओं को भी राज्यपाल ने मतदाता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।
    अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी शक्ति जागरूक और सक्रिय नागरिक होते हैं। उन्होंने सभी प्रदेशवासियों से प्रत्येक चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने का आह्वान किया। इस वर्ष की थीम “मेरा भारत–मेरा वोट” का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हर एक वोट देश के भविष्य को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
    राज्यपाल ने भारत निर्वाचन आयोग की निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रणाली की सराहना करते हुए निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, बीएलओ और सुरक्षा बलों के प्रयासों की प्रशंसा की। युवाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी पूंजी है और उन्हें मतदान को राष्ट्र निर्माण का माध्यम बनाना चाहिए।
    कार्यक्रम में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने मतदान की भूमिका को लोकतंत्र की आधारशिला बताया। सचिव निर्वाचन दिलीप जावलकर ने कहा कि सजग मतदाता से ही समृद्ध राष्ट्र का निर्माण संभव है। अंत में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने राज्यपाल सहित सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
    स्टेट अवार्ड से सम्मानित अधिकारी
    प्रतीक जैन – जिलाधिकारी, रुद्रप्रयाग
    प्रशांत आर्य – जिलाधिकारी, उत्तरकाशी
    मनीष कुमार – जिलाधिकारी, चम्पावत
    आकांक्षा कोंडे – जिलाधिकारी, बागेश्वर
    दीपक रामचंद्र – संयुक्त मजिस्ट्रेट, रुड़की
    तुषार सैनी – उप जिलाधिकारी, खटीमा
    प्रेम लाल – उप जिलाधिकारी, चकराता

Leave a Comment

और पढ़ें