एंजेल चकमा हत्याकांड: मुख्यमंत्री धामी ने पीड़ित पिता से की बात, दोषियों को सख्त सजा दिलाने का दिया आश्वासन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 29 दिसंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एंजेल चकमा के पिता से की फोन पर वार्ता, दोषियों को सख्त सजा दिलाने का दिया आश्वासन
त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को एंजेल के पिता श्री तरुण प्रसाद चकमा से फोन पर वार्ता कर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस हृदयविदारक घटना से वे व्यक्तिगत रूप से अत्यंत दुखी हैं और पीड़ित परिवार के दुःख को भली-भांति समझते हैं।
मुख्यमंत्री ने चकमा को अवगत कराया कि इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। एक अन्य आरोपी के नेपाल भागने की आशंका है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित कर प्रयास तेज कर दिए गए हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि उत्तराखंड सरकार दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पूरी तत्परता से कार्रवाई कर रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड हमेशा से शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण राज्य रहा है, जहां देश-विदेश से छात्र शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। इस प्रकार की घटना न केवल पीड़ित परिवार बल्कि पूरे राज्य के लिए पीड़ादायक है। सरकार ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेगी।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद उन्होंने त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तथा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भी इस विषय में चर्चा की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पूरी मजबूती के साथ पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है। परिवार की सहायता के लिए वे त्रिपुरा के मुख्यमंत्री से भी संवाद करेंगे तथा उत्तराखंड सरकार की ओर से हर संभव मदद सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Comment

और पढ़ें