चारधाम यात्रा के लिए एलपीजी आपूर्ति 100% बनाए रखने की मांग, सीएम धामी ने केंद्रीय मंत्री से की मुलाकात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


नई दिल्ली/देहरादून 27 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी से भेंट कर उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों, चारधाम यात्रा और आपदा प्रबंधन से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने आगामी चारधाम यात्रा के निर्बाध, सुरक्षित और सुचारू संचालन के लिए राज्य में व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति को पूर्ववत 100 प्रतिशत बनाए रखने का अनुरोध किया। उन्होंने बताया कि अप्रैल से नवंबर तक चलने वाली यात्रा के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंचते हैं, जिससे व्यावसायिक एलपीजी की मांग में भारी बढ़ोतरी होती है। इस अवधि में राज्य को करीब 9,67,949 व्यावसायिक एलपीजी सिलेंडरों की आवश्यकता होती है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जून से सितंबर के बीच मानसून सीजन में राज्य को हर वर्ष प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों में एलपीजी गैस की अहम भूमिका होती है। इसे देखते हुए उन्होंने व्यावसायिक सिलेंडरों का अतिरिक्त 5 प्रतिशत, यानी लगभग 48,397 सिलेंडरों का विशेष आवंटन सुनिश्चित किए जाने का आग्रह किया, ताकि आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से किए जा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से पर्यटन आधारित है, जिसमें धार्मिक पर्यटन, तीर्थाटन और साहसिक पर्यटन का बड़ा योगदान है। चारधाम यात्रा राज्य की आस्था, सांस्कृतिक पहचान और आर्थिक गतिविधियों का प्रमुख आधार है।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मुख्यमंत्री द्वारा रखे गए सभी प्रस्तावों पर सकारात्मक विचार करने और आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने राज्यहित में केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

Leave a Comment

और पढ़ें