टिहरी दिवस पर पुरानी टिहरी को नमन, बल्लूपुर में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून, 28 दिसम्बर 2025।
पुरानी टिहरी के स्थापना दिवस के अवसर पर देहरादून के बल्लूपुर क्षेत्र में निर्मित टिहरी की ऐतिहासिक अनुकृति पर दीप प्रज्वलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दीप प्रज्वलित कर पुरानी टिहरी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उसके गौरवशाली इतिहास, संस्कृति और परंपराओं को भावपूर्ण स्मरण किया गया। बड़ी संख्या में नागरिकों की सहभागिता के बीच उपस्थित लोगों ने भावुक होकर अपनी स्मृतियों में बसे टिहरी शहर को याद किया।
कार्यक्रम स्थल पर सुबोध बहुगुणा द्वारा निर्मित “पुरानी टिहरी के लैंडस्केप” में घंटाघर, राजा का दरबार, आज़ाद मैदान, बस अड्डा, टिहरी बाज़ार, गंगा जी एवं भगीरथी नदी के प्रवाह मार्ग की हुबहु प्रतिकृतियों पर दीप प्रज्वलन किया गया। यह दृश्य झील में डूब चुकी पुरानी टिहरी की जीवंत स्मृति के रूप में उपस्थित जनसमूह के लिए अत्यंत भावनात्मक क्षण बन गया।
इस अवसर पर कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर ने कहा कि पुरानी टिहरी गढ़वाल रियासत की ऐतिहासिक राजधानी रही है और गढ़वाल क्षेत्र की संस्कृति, सभ्यता एवं परंपराओं का प्रमुख केंद्र रही है। उन्होंने कहा कि राजशाही काल से ही टिहरी ने गढ़वाल की सांस्कृतिक पहचान को दिशा दी। भले ही आज पुरानी टिहरी झील के जल में समा चुकी हो, लेकिन उसका इतिहास, गौरव और टिहरीवासियों का बलिदान हर उत्तराखंडी की स्मृतियों में जीवित है। उन्होंने देश के विकास के लिए अपनी जन्मभूमि का त्याग करने वाले टिहरीवासियों के अतुलनीय योगदान को नमन करते हुए आने वाली पीढ़ियों तक टिहरी की संस्कृति, इतिहास और पहचान को सुरक्षित रखने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव थापर, सुबोध बहुगुणा, भजनलाल सेमवाल, विनोद बहुगुणा, शिव प्रसाद, महेश, पवन चंडोक सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें