मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दक्षेश्वर महादेव मंदिर में की पूजा-अर्चना, 2027 कुंभ को दिव्य-भव्य बनाने की कामना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हरिद्वार, 15 दिसंबर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार स्थित दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर दुग्धाभिषेक, पूजा-अर्चना एवं यज्ञ-हवन कर प्रदेश की खुशहाली और प्रगति की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को दिव्य, भव्य एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए महादेव दक्षेश्वर से प्रार्थना की।

मंदिर पहुंचने पर मुख्यमंत्री का साधु-संतों द्वारा पुष्प मालाओं से भव्य स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न अखाड़ों के पदाधिकारियों एवं साधु-संतों से भेंट कर उनकी कुशल-क्षेम जानी तथा उन्हें अंगवस्त्र भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

इस अवसर पर श्री पंचायती महानिर्वाणी अखाड़े के सचिव महंत रविंद्र पुरी ने मुख्यमंत्री द्वारा संस्कृति संरक्षण के लिए उठाए गए कदमों की सराहना करते हुए कहा कि दिव्य एवं भव्य कुंभ आयोजन के लिए संत समाज राज्य सरकार को पूर्ण सहयोग देगा।

कार्यक्रम में अखाड़ा परिषद के महामंत्री महंत राजेंद्र दास, दिगंबर अखाड़े के वैष्णो दास, निर्वाणी अखाड़े के श्रीमहंत मुरलीदास, निर्मल अखाड़े के कोठारी जसविंदर सिंह, बड़ा उदासीन अखाड़े के राघवेंद्र दास, नया अखाड़े से जगतार मुनि, अटल अखाड़े के सत्य गिरी व मनोज गिरी सहित अनेक साधु-संत उपस्थित रहे।

हेलीपैड दयानंद स्टेडियम, गुरुकुल कांगड़ी पहुंचने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने मुख्यमंत्री का श्रीमद्भगवद्गीता भेंट कर स्वागत किया। भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा भी पुष्प मालाओं से स्वागत किया गया।

इस अवसर पर विधायक हरिद्वार मदन कौशिक, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री सुनील सैनी, ओमप्रकाश जमदग्नि, जयपाल सिंह चौहान, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा व आशु चौधरी, आयुक्त गढ़वाल मंडल विनय शंकर पांडे सहित संबंधित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें