एफआरआई देहरादून में वुड कोटिंग्स पर पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 24 अप्रैल। वन अनुसंधान संस्थान (एफआरआई) के काष्ठ कर्म एवं परिष्करण अनुभाग, वनोपज प्रभाग में 20 से 24 अप्रैल 2026 तक आयोजित वुड कोटिंग्स पर पांच दिवसीय अल्पकालीन प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल समापन हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य लकड़ी की सतह परिष्करण एवं कोटिंग तकनीकों के क्षेत्र में तकनीकी ज्ञान और व्यावहारिक कौशल को सुदृढ़ करना था।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक एवं औद्योगिक पृष्ठभूमि से जुड़े कुल 23 प्रतिभागियों ने भाग लिया। देश के अलग-अलग हिस्सों से आए पेशेवरों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों तथा उद्योग प्रतिनिधियों ने इसमें उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विशेष बात यह रही कि एक प्रतिभागी इस्तांबुल से भी शामिल हुईं।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को सतह की तैयारी, लकड़ी के कोटिंग के प्रकार, पर्यावरण-अनुकूल फिनिशिंग प्रणालियां, अनुप्रयोग तकनीकें, रंग मापन, टिकाऊपन का आकलन तथा कोटिंग दोषों की पहचान और सुधार जैसे विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।एफआरआई के विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान एवं प्रायोगिक सत्र आयोजित किए गए, जिससे प्रतिभागियों को आधुनिक वुड कोटिंग तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में अंतःक्रियात्मक चर्चा और प्रदर्शन भी शामिल रहे, जिससे यह प्रशिक्षण ज्ञानवर्धक और उपयोगी साबित हुआ।
समापन सत्र में डी.पी. खाली, ग्रुप को-ऑर्डिनेटर रिसर्च, एफआरआई देहरादून ने काष्ठ कर्म एवं परिष्करण अनुभाग के प्रयासों की सराहना की और वानिकी एवं लकड़ी आधारित उद्योगों में सतत एवं उच्च प्रदर्शन वाली कोटिंग प्रणालियों के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के सफल समापन पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ और भविष्य में भी ऐसे कौशल विकास एवं क्षमता निर्माण कार्यक्रम आयोजित करने की एफआरआई की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

Leave a Comment

और पढ़ें