
श्री बदरीनाथ धाम/गोपेश्वर/देहरादून। देश के प्रसिद्ध उद्योगपति एवं बद्रीनाथ केदारनाथ मंदिर कमेटी (बीकेटीसी) के वरिष्ठ सदस्य महेंद्र शर्मा ने मंदिर समिति को 1 करोड़ 1 लाख रुपये का चेक दान स्वरूप भेंट किया। बदरीनाथ धाम में आयोजित कार्यक्रम में बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने उनका आभार व्यक्त किया।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के मूल निवासी महेंद्र शर्मा देश के प्रतिष्ठित उद्योगपति हैं और पिछले एक दशक से मंदिर समिति के सदस्य हैं। उन्होंने कहा कि महेंद्र शर्मा का देशभर के तीर्थस्थलों के विकास और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।उन्होंने कहा कि बीकेटीसी को 1.01 करोड़ रुपये का दान देकर महेंद्र शर्मा ने धार्मिक कार्यों और श्रद्धालुओं की सेवा में सराहनीय योगदान दिया है। उनका यह कदम अन्य श्रद्धालुओं के लिए भी प्रेरणादायक है।
उद्योगपति महेंद्र शर्मा ने कहा कि भगवान बद्रीनाथ मंदिर और केदारनाथ मंदिर के प्रति उनकी गहरी आस्था है और यह दान उसी श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मंदिर समिति इस राशि का उपयोग धार्मिक कार्यों और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए करेगी।इस अवसर पर मंदिर समिति के अन्य सदस्यों और अधिकारियों ने भी दानदाता का अभिनंदन किया। श्रद्धालुओं ने भी महेंद्र शर्मा की दानशीलता की सराहना की।
कार्यक्रम में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, प्रभारी अधिकारी गिरीश चौहान, अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान और निजी सचिव प्रमोद नौटियाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।




