
देहरादून, 25 अप्रैल। उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने देश के महान नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं अविभाजित उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नन्दन बहुगुणा की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में बहुगुणा जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर गणेश गोदियाल ने कहा कि गढ़वाल के छोटे से गांव बुघाणी में सामान्य परिवार में जन्मे हेमवती नंदन बहुगुणा ने गढ़वाल से इलाहाबाद तक की शैक्षणिक यात्रा, छात्र राजनीति, स्वतंत्रता संग्राम और देश की आजादी के बाद विधायक से लेकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, भारत सरकार में संचार मंत्री, वित्त मंत्री और लंबे समय तक विपक्ष के नेता के रूप में देश को नेतृत्व दिया।
उन्होंने कहा कि बहुगुणा जी ने जीवनभर अपनी विचारधारा से कभी समझौता नहीं किया और देश की भावी पीढ़ियों को धर्मनिरपेक्षता तथा सामाजिक न्याय की मजबूत विरासत दी। गोदियाल ने कहा कि हेमवती नंदन बहुगुणा व्यक्ति नहीं बल्कि एक विचारधारा थे। उन्होंने बहुगुणा जी के प्रसिद्ध कथन ‘हिमालय टूट सकता है पर झुक नहीं सकता’ का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अंग्रेज सरकार ने उन पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, लेकिन उन्होंने माफी मांगने से साफ इनकार कर दिया था।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में जनहित की अनदेखी हो रही है और महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा तथा स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार विफल साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि बहुगुणा जी ने अपने कार्यकाल में हमेशा जनता को केंद्र में रखकर नीतियां बनाई थीं और आज सरकार को उनके आदर्शों से सीख लेने की जरूरत है।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र सिंह भण्डारी, प्रवक्ता अभिनव थापर, शीशपाल सिंह बिष्ट, राकेश सिंह नेगी, अमेन्द्र सिंह बिष्ट, अभिषेक तिवाड़ी, सुशीला शर्मा, राजकुमार जायसवाल, अश्विनी बहुगुणा, यशपाल चौहान, अजय रावत, नितिन बिष्ट सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।








