बाल रोग विशेषज्ञ ने दी अभिभावकों को उपयोगी सलाह
- बनबसा 28 नवम्बर। सीमान्त पब्लिक स्कूल में आज बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच हेतु एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर का संचालन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेरीनाग की बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. साक्षी अग्रवाल ने किया। इस दौरान विद्यालय के सभी छात्र–छात्राओं की शारीरिक वृद्धि, पोषण स्तर, आंख–कान की जांच तथा अन्य प्राथमिक स्वास्थ्य संकेतकों का परीक्षण किया गया।
जांच के उपरांत डॉ. साक्षी ने अभिभावकों को बच्चों की बेहतर जीवनशैली के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता
बढ़ाने के लिए घर में पौष्टिक, संतुलित और मौसमी भोजन अत्यंत आवश्यक है। आहार में हरी सब्जियां, दालें, दूध, मोटा अनाज और विटामिन–सी युक्त पदार्थ शामिल करने पर जोर देते हुए उन्होंने स्क्रीन टाइम सीमित रखने, समय पर भोजन कराने और पर्याप्त नींद दिलाने की सलाह दी।
डॉ. साक्षी ने कहा कि बदलते मौसम में सुबह–शाम हल्की सैर, स्वच्छता की आदतें, गुनगुना पानी पीना और नियमित दिनचर्या बच्चों को बीमारियों से बचाने में मदद करती है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि यदि किसी बच्चे में लगातार थकान, भूख में कमी या बार–बार बीमार होने जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें।
शिविर में विद्यालय के छात्र–छात्राओं, अभिभावकों तथा सीमान्त सेवा फाउंडेशन के स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। शिविर की सफलता में फाउंडेशन का सहयोग महत्वपूर्ण रहा। इस दौरान मानसी चंद, अर्चना गोयल, नितिन कलौनी, मनोज कश्यप, रितेश पाण्डेय, पियूष थपलियाल, जतिन देउपा सहित कई अभिभावक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्रधानाचार्य देवकी भट्ट ने स्वास्थ्य शिविर के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों की सेहत के प्रति जागरूकता बढ़ाने, पोषण की निगरानी करने तथा अभिभावकों को सही दिशा–निर्देश प्रदान करने में अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यालय में नियमित रूप से ऐसे स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि बच्चों की स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान प्रारंभिक स्तर पर ही की जा सके।
शिविर के समापन पर प्रधानाचार्य देवकी भट्ट ने सभी अभिभावकों, चिकित्सा टीम, छात्रों और स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया तथा आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी का धन्यवाद दिया।







