मुंबई 28 नवंबर 2025 ।
सोनी सब पर 24 नवंबर से प्रसारित हो रहा बहुप्रतीक्षित डिटेक्टिव कॉमेडी शो एकेन बाबू अपनी दमदार शुरुआत के साथ दर्शकों को रोमांचित कर रहा है। बंगाल के लोकप्रिय और सादगीभरे जासूस एकेंद्र सेन, जिन्हें दर्शक प्यार से एकेन बाबू कहते हैं, अब हिंदी टेलीविजन पर अपने अनोखे अंदाज में रहस्यों की परतें खोलते नजर आ रहे हैं। आठ वेब सीजन और तीन फिल्मों से दर्शकों के दिलों में जगह बना चुके एकेन बाबू का यह हिंदी टीवी डेब्यू बेहद चर्चा में है।
शो में एकेन बाबू का सरल स्वभाव, खाने का शौक और बेहद अलग स्टाइल में केस सुलझाने की प्रतिभा उसे पारंपरिक क्राइम सॉल्वर्स से बिल्कुल अलग बनाती है। शुरुआती एपिसोड्स में बेंगलुरु के एक हाउसिंग कॉम्प्लेक्स में उसकी एंट्री ही कहानी को रहस्य से भर देती है। यहां रिहायशी किरित पटेल की रहस्यमयी मौत होती है, जिसे पुलिस ने सुसाइड बताया है, लेकिन एकेन बाबू की तेज नजरें इस फैसले को मानने को तैयार नहीं।
जैसे-जैसे एकेन बाबू क्राइम सीन की बारीकियां परखते हैं, रेज़िडेंट्स से पूछताछ करते हैं, एक रहस्यमयी ज्योतिषी से मिलते हैं और पटेल की राज़ से भरी डायरी तक पहुंचते हैं, मामला जटिल होता जाता है। सुराग एक-एक कर सामने आते हैं और कहानी उस दिशा में इशारा करती है कि यह मौत सुसाइड नहीं बल्कि मर्डर हो सकती है।
अब बड़ा सवाल यह है—अगर पटेल ने खुदकुशी नहीं की, तो फिर उसे मारा किसने?
एकेन बाबू की भूमिका निभा रहे अनिर्बान चक्रबर्ती कहते हैं, “इस ट्रैक की सबसे बड़ी खूबी यह है कि एकेन ऐसे केस में उतरता है जिसे दुनिया सुसाइड मानकर बंद कर चुकी है, लेकिन उसका दिमाग सतह पर दिखने वाली बातों से संतुष्ट नहीं होता। वो बेहद छोटे अंतर नोटिस करता है—यह उसकी सबसे बड़ी ताकत है। इस मोमेंट को निभाना मेरे लिए बेहद रोमांचक है, क्योंकि यही वो जगह है जहां एकेन की असली पहचान सामने आती है।”
सोनी सब पर जारी यह सीरीज रहस्य, हास्य और दिलचस्प ट्विस्ट का मिश्रण पेश कर दर्शकों को बांधे हुए है।
देखिए ‘एकेन बाबू’, हर सोमवार से शनिवार, रात 10 बजे, सिर्फ सोनी सब पर।







