
देहरादून। गणेश जोशी की अध्यक्षता में शनिवार को कालीदास रोड स्थित सैनिक कल्याण निदेशालय में मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति का आकलन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कैबिनेट मंत्री ने मसूरी में वेडिंग जोन विकसित करने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने को कहा। साथ ही सुवाखोली स्थित भुवनेश्वरी देवी मंदिर के सौंदर्यीकरण और सामुदायिक शौचालयों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने न्यू कैंट रोड, नैशविला रोड और संतला देवी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था मजबूत करने तथा प्रमुख चौराहों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत सालावाला और पुरकुल में सामुदायिक केंद्रों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा मसूरी में डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा स्थापना और राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित कर प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया।
मंत्री जोशी ने मसूरी क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर भी जोर देते हुए खुली पाइपलाइनों को भूमिगत करने तथा बिलासपुर कांडली, नैशविला रोड और कैनाल रोड में जलापूर्ति व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। साथ ही भवनों के वन-टाइम सेटलमेंट के लिए नियमानुसार प्रस्ताव तैयार करने को कहा।बैठक में मसूरी नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।







