गंभीर बीमारियों में आयुष्मान कवर 15-20 लाख रुपये करने की मांग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 21 जून। जन संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए आयुष्मान योजना के तहत मिलने वाली धनराशि को 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 15 से 20 लाख रुपये किए जाने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। मुख्यमंत्री ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
रघुनाथ सिंह नेगी ने कहा कि वर्तमान में आयुष्मान योजना के तहत एक परिवार को 5 लाख रुपये तक के इलाज की सुविधा मिलती है, लेकिन कैंसर, किडनी रोग, हार्ट सर्जरी, लिवर ट्रांसप्लांट और अन्य गंभीर बीमारियों के इलाज में यह राशि अपर्याप्त साबित होती है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में मरीजों और उनके परिजनों को भारी आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है।
नेगी ने कहा कि प्रदेश के वर्तमान और पूर्व विधायकों एवं मंत्रियों को आजीवन चिकित्सा प्रतिपूर्ति की सुविधा उपलब्ध है, जबकि आम जनता के लिए आयुष्मान योजना की सीमा केवल 5 लाख रुपये तक निर्धारित है। उनका कहना था कि गंभीर बीमारियों के इलाज में यह राशि जल्द समाप्त हो जाती है और कई परिवार आर्थिक रूप से टूट जाते हैं।
उन्होंने मांग की कि राज्य सरकार अपने संसाधनों से आयुष्मान योजना के तहत गंभीर बीमारियों के लिए विशेष प्रावधान करते हुए बीमा कवर को 15 से 20 लाख रुपये तक बढ़ाए, ताकि आर्थिक तंगी के कारण किसी मरीज को उपचार से वंचित न होना पड़े।
नेगी ने कहा कि कई परिवार गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए कर्ज लेने को मजबूर हो जाते हैं, जबकि कुछ मामलों में लोगों को अपनी संपत्ति तक बेचनी पड़ती है। उन्होंने सरकार से आमजन के हित में इस विषय पर गंभीरता से विचार करने की अपील की।
मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान जन संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमंडल में संजय गुप्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें