
देहरादून । आंगनबाड़ी वर्कर्स के मानदेय वृद्धि और सेवानिवृत्ति लाभ को लेकर जन संघर्ष मोर्चा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।
मोर्चा की मांग पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डे ऑफिसर/डिप्टी सेक्रेटरी जे.पी. मैखुरी को निर्देश दिए कि संबंधित अधिकारियों के साथ शीघ्र बैठक आयोजित कर इस विषय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
रघुनाथ सिंह नेगी ने बताया कि वर्तमान में आंगनबाड़ी वर्कर्स को लगभग ₹9000 प्रतिमाह मानदेय मिल रहा है, जो बेहद कम है। उन्होंने कहा कि इस राशि में से वर्कर्स को स्टेशनरी तथा बच्चों में वितरित होने वाले सामान को केंद्र तक पहुंचाने का खर्च भी स्वयं उठाना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ और बढ़ जाता है।
मोर्चा ने राज्य सरकार से मानदेय मे140 प्रतिदिन की वृद्धि और केंद्र सरकार से 150 प्रतिदिन की बढ़ोतरी का प्रस्ताव भेजने की मांग की। इसके अलावा वर्कर्स के सेवानिवृत्त होने पर 10 लाख का लाभ दिए जाने तथा उसके लिए प्रति माह 300 की कटौती का प्रस्ताव भी रखा गया।मोर्चा ने उम्मीद जताई है कि सरकार जल्द ही आंगनबाड़ी वर्कर्स के हित में सकारात्मक निर्णय लेगी। प्रतिनिधिमंडल में भीम सिंह बिष्ट और ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल हांडा भी मौजूद रहे।







