नैनीताल में मॉर्निंग वॉक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने जनता से की मुलाकात, नैना देवी मंदिर सौंदर्यीकरण कार्यों का लिया जायज़ा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नैनीताल, 27 नवंबर ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार सुबह नैनीताल में मॉर्निंग वॉक के दौरान स्थानीय नागरिकों, पर्यटकों और स्कूली बच्चों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना। उन्होंने शहर के जनजीवन और पर्यटन गतिविधियों से जुड़े अनुभवों को सुना तथा लोगों के सुझावों पर भी सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। इसी दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय चाय विक्रेता भरत की दुकान पर रुककर चाय का स्वाद लिया और आत्मीय वार्ता की।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री धामी ने मानस खंड मिशन के अंतर्गत नैना देवी मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि मंदिर को और अधिक भव्य और आकर्षक स्वरूप देने के लिए ₹11 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। सौंदर्यीकरण के तहत विभिन्न कार्य तीव्र गति से प्रगति पर हैं, जिन्हें समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने मिशन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों—डीएसए मैदान के सुधार, वलिया नाला, तथा ठंडी सड़क पर भूस्खलन सुरक्षा कार्यों—की भी जानकारी अधिकारियों से ली। उन्होंने संबंधित विभागों को इन सभी कार्यों को निर्धारित समयसीमा में तेज गति से पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टी.सी. सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment