उच्चाधिकार प्राप्त व्यय समिति की बैठक में सात परियोजनाओं को मंजूरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

देहरादून 21 नवंबर। मुख्य सचिव आनंद बर्धन की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित उच्चाधिकार प्राप्त व्यय समिति की बैठक में प्रदेश के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में कुल सात परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई।

बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कार्यदायी संस्थाओं को निर्देश दिए कि स्वीकृत परियोजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए, साथ ही इन परियोजनाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए।

बैठक में यूआईडीबी के हरिद्वार स्थित रोड़ी बेलवाला क्षेत्र के पुनरुद्धार, सती कुंड व आसपास के क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई। इसके अलावा ऋषिकेश में आस्था पथ सौंदर्यकरण परियोजना को भी हरी झंडी मिली।

लोक निर्माण विभाग की राज्य योजना के अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र मसूरी में देहरादून–किमाड़ी लंबीधार–कार्ट मैकेंजी–कंपनी गार्डन मोटर मार्ग के किमी 1 से 24 तक सिंगल लेन को इंटरमीडिएट लेन में परिवर्तित करने सहित अतिरिक्त पहाड़ कटान, क्रॉस ड्रेन और दीवार निर्माण कार्य के प्रोजेक्ट को स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही देहरादून में महाराणा प्रताप चौक से 6 नंबर पुलिया रोड तक चौड़ीकरण परियोजना को भी मंजूरी मिली।

इसके अलावा कुंभ और पेयजल विभाग द्वारा हरिद्वार में पुलिस कमांड कंट्रोल सेंटर बिल्डिंग निर्माण तथा गृह और पेयजल विभाग से संबंधित अभियोजन विभाग के कार्मिकों के लिए टाइप-2, 3 और 4 आवास निर्माण परियोजना को भी समिति ने स्वीकृति प्रदान की।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, सचिव नितेश झा, पंकज पांडेय और श्रीधर बाबू अदांकी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें